ज्ञान की साझा पहल को मिला जनसमर्थन, पुस्तक दान शिविर में दो दिनों में जुटीं 372 पुस्तकें

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

ज्ञान की साझा पहल को मिला जनसमर्थन, पुस्तक दान शिविर में दो दिनों में जुटीं 372 पुस्तकें

जमशेदपुर, 20 जनवरी : शहर में ज्ञान और पठन-पाठन की संस्कृति को सशक्त करने की दिशा में जिला प्रशासन के सहयोग से जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति द्वारा आयोजित पुस्तक दान शिविर को लगातार उत्साहजनक जनसमर्थन मिल रहा है। शिविर के दूसरे दिन भी नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और बड़ी संख्या में पुस्तकें दान कीं।

दूसरे दिन प्राप्त पुस्तकों को मिलाकर अब तक कुल 372 पुस्तकें दान स्वरूप प्राप्त हो चुकी हैं। इनमें शैक्षणिक, साहित्यिक, प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित, बाल साहित्य तथा सामान्य ज्ञान की पुस्तकें शामिल हैं, जो डीएम म्युनिसिपल लाइब्रेरी को और अधिक समृद्ध बनाएंगी।

इस अभियान में प्रमुख पुस्तक दानदाताओं की भूमिका सराहनीय रही। सर्वाधिक 150 पुस्तकें दान कर मंजू खंडेलवाल ने पहला स्थान प्राप्त किया, वहीं बन्नी गुप्ता ने 95 और सम्राट चक्रवर्ती ने 45 पुस्तकें दान कीं। इसके अतिरिक्त अन्नी अमृता, मंचंद अग्रवाल, डॉ. शाहीर पाल, विकास श्रीवास्तव, कर्ण सत्यार्थी एवं भोगला सोरेन सहित अन्य दानदाताओं ने भी इस ज्ञान अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

आयोजकों ने बताया कि दान में प्राप्त सभी पुस्तकों को विषयवार वर्गीकृत कर शीघ्र ही डीएम म्युनिसिपल लाइब्रेरी में पाठकों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि विद्यार्थी, प्रतियोगी अभ्यर्थी और आम पाठक इसका लाभ उठा सकें।

जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति ने सभी दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आम नागरिकों से अपील की है कि वे आगे भी इस पुस्तक दान अभियान से जुड़कर समाज में ज्ञान के प्रसार और पढ़ने की संस्कृति को मजबूत करने में अपना योगदान दें।

Share This Article