समाजसेवा की मिसाल बनी श्री शनिदेव भक्त मंडली, अनाथ कन्या के विवाह में दिया सहयोग

आदित्यपुर, 3 जुलाई : सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर प्रमाणित करते हुए “श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट)” ने एक अनाथ कन्या के विवाह में सहयोग कर मानवता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है।
मंडली को यह पुनीत अवसर उनके सक्रिय सदस्य कमल प्रमाणिक के माध्यम से प्राप्त हुआ। विवाहिता लक्ष्मी गोराई, जो मीरूडीह, आदित्यपुर में अपनी विधवा मां और छोटे भाई के साथ रहती है, ने मात्र 4 वर्ष की अल्पावस्था में अपने पिता को खो दिया था। उसके विवाह का आयोजन 4 जुलाई को उनके निवास पर ही होना प्रस्तावित है।
लक्ष्मी की मां द्वारा मंडली से सहयोग की विनम्र प्रार्थना की गई थी, जिसे मंडली ने सहर्ष स्वीकार करते हुए उनके घर जाकर आवश्यक दान सामग्री प्रदान की। मंडली द्वारा दी गई सामग्री में— एक लकड़ी का पलंग, एक स्टील की आलमारी, एक लकड़ी का ड्रेसिंग टेबल, एक गद्दा (मैट्रेस) अन्य आवश्यक वस्तुएँ शामिल थीं।
इस पुण्य कार्य में मंडली के संस्थापक सह संरक्षक सहित प्रमुख सदस्य उज्जवल घोष (सचिव), मंटू सिंह मोदक, आशीष बैनर्जी, गौरांगो धर, राकेश विभूति, देव प्रकाश गोराई, सुरेश गोराई, मानिक गोराई और सुमन सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहे और विवाह पूर्व सहायता को आत्मसंतोष का विषय बताया।
मंडली ने इस अवसर पर समाज से भी आह्वान किया कि ऐसे कार्यों में सहभागिता बढ़ाई जाए और ज़रूरतमंदों की सहायता कर समाज को सशक्त बनाने में योगदान दिया जाए।
अंत में मंडली ने सभी लोगों से “मंडली पुत्री” लक्ष्मी को सफल और सुखमय वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद देने की अपील की।


