
पोषाहार वितरण के साथ खाद्य प्रदर्शनी और चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित, बाल विवाह व पॉक्सो कानून की भी दी गई जानकारी
सरायकेला, 19 नवंबर : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले में पोषण, महिला सशक्तीकरण एवं बाल संरक्षण को लेकर गुरुवार को विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों और परियोजना क्षेत्रों में पोषाहार वितरण, स्वास्थ्य जागरूकता, खाद्य प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिताओं के माध्यम से महिलाओं, किशोरियों और अन्य लाभुकों को जागरूक किया गया।
इस क्रम में जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर एफआरएस (FRS) के माध्यम से टेक होम राशन (THR) का वितरण किया गया। लाभुकों को पोषाहार उपलब्ध कराने के साथ संतुलित आहार, गर्म पका भोजन और पोषण के महत्व की जानकारी दी गई। इस दौरान माताओं एवं अन्य लाभुकों के साथ स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा भी की गई।
विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित गतिविधियों का जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने भ्रमण कर जायजा लिया। वहीं, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं ने भी केंद्रों पर पहुंचकर कार्यक्रमों के संचालन का पर्यवेक्षण किया।
बाल विवाह और पॉक्सो कानून के प्रति किया जागरूक
इधर, आदित्यपुर परियोजना अंतर्गत झारखंड स्थापना दिवस विशेष गतिविधि अभियान के तहत प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के सचिव तोसीफ मिराज शामिल हुए। उन्होंने सशक्त महिला, सुरक्षित मातृत्व और संतुलित पोषण के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान और पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी पहलुओं से लोगों को अवगत कराया।
कार्यक्रम में स्थानीय खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी एवं चित्रांकन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभुकों को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशासन की इन गतिविधियों का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य में सुधार लाने के साथ महिला सशक्तीकरण, बाल विवाह की रोकथाम तथा बाल अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है।



