गोल्डन ज्वेलरी दुकान में चोरी का खुलासा, डेढ़ किलो चांदी के आभूषणों के साथ दो गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

गोल्डन ज्वेलरी दुकान में चोरी का खुलासा, डेढ़ किलो चांदी के आभूषणों के साथ दो गिरफ्तार

जमशेदपुर, 24 अगस्त : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग स्थित गोल्डन ज्वेलरी दुकान में 19 अगस्त की रात हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी किए गए करीब डेढ़ किलोग्राम चांदी के आभूषण, वेट मशीन समेत दुकान का शटर काटने में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं।

सोमवार को सिटी एसपी ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 अगस्त की देर रात बंद गोल्डन ज्वेलरी दुकान का शटर काटकर चोरों ने चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी और छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गाड़ाबासा निवासी गोपीनाथ मुंडा उर्फ बुलेट और श्रीमंतो गोप उर्फ सीमंत गोप के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए करीब डेढ़ किलोग्राम चांदी के सभी आभूषण और वेट मशीन बरामद कर ली गई। इसके अलावा दुकान का शटर काटने में इस्तेमाल किया गया बोल्ट कटर और लोहे का सब्बल भी पुलिस ने बरामद किया है।

छापेमारी टीम में पुलिस उपाधीक्षक सुमित कुमार, बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक जेवियर होरो, अरुण कुमार, सुनील कुमार यादव, संदीप कुमार साह सहित सशस्त्र बल और टाइगर मोबाइल के जवान शामिल थे। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की घटना में शामिल अन्य लोगों और पूर्व की घटनाओं से उनके संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।

Share This Article