किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में तेजी लाने का निर्देश, जिला स्तर पर लगेगा किसान मेला

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

 

केसीसी और मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण का लक्ष्य समय पर पूरा करने पर जोर, महिला समूहों को मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन और खेती से जोड़ने की पहल

 

जमशेदपुर, 19 नवंबर : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया है। गुरुवार को समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक में कृषि, मत्स्य, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया। इस दौरान किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनाने और मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि अधिक से अधिक किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभान्वित किया जाए। किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करने के साथ नई तकनीकों और उन्नत खेती के तरीकों की जानकारी उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कृषक प्रक्षेत्रों का भ्रमण कराने को कहा, ताकि किसान सफल कृषि मॉडल और आधुनिक तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से देखकर उन्हें अपने खेतों में अपना सकें।

झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले में जिला स्तरीय किसान मेला आयोजित करने का निर्देश भी दिया गया। उपायुक्त ने किसानों के बीच परिसंपत्तियों एवं योजनाओं के लाभ का वितरण सुनिश्चित करने तथा विभागीय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाने को कहा।

बैठक में महिला स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने मशरूम उत्पादन, अरहर एवं सरसों की खेती और मधुमक्खी पालन जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया। इसके लिए महिला समूहों को आवश्यक प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और विभागीय सहयोग उपलब्ध कराने को कहा, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके।

वहीं, मत्स्य, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और स्थापना दिवस पखवाड़ा के दौरान विभागीय कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

बैठक में कृषि एवं संबद्ध विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article