झारखंड में प्रवेश द्वार पर नीमडीह के आदरडीह में खुलेआम चल रहे अवैध धंधा

नीमडीह, 09 जुलाई : सुगम सड़कें किसी क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक है. सुगम सड़कों पर लोगों का आवागमन बगैर किसी परेशानी के होता है. सड़कों के किनारे रहने वालों का विकास तेजी से होता है. वहीं, सरायकेला-खरसावां जिला क्षेत्र में सड़कों के किनारे रहने वालों के साथ अवैध कारोबारों का भी विकास तेजी से हो रहा है. आवागमन के लिए प्रमुख सड़कों के किनारे अवैध कारोबारी बेखौफ होकर अपना गौरखधंधा संचालित कर रहे हैं. अवैध कारोबारियों को ना पुलिस का भय है, ना प्रशासन का खौफ और ना सरकार की परवाह. जिले में सबसे भयावह स्थिति नीमडीह और ईचागढ़ थाना क्षेत्र में है. नीमडीह थाना क्षेत्र की सीमा पश्चिम बंगाल से सटा है जबकि ईचागढ़ थाना क्षेत्र की सीमा राज्य की राजधानी रांची जिले से सटा है.
रात के वक्त परवान पर रहता है गौरखधंधा
पश्चिम बंगाल से झारखंड में प्रवेश करते ही आपको सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत आदरडीह में सबसे पहले खुलेआम हो रहे अवैध कारोबारों का ही दर्शन होगा. स्थानीय लोगों के अनुसार आदरडीह में बॉर्डर के सामने ही राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खुलेआम बड़े वाहनों से कोयला, लोहा, पाईप आदि का अवैध कारोबार होता मिलेगा. सड़क किनारे निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के बगल में चारदीवारी के अंदर और जाहिरामोड़ स्थित महतो होटल के बगल में कोयले का काला कारोबार संचालित हो रहा है. ग्रामीण बताते हैं कि यहां कानून का नहीं बल्कि गैर कानूनी कारोबार करने वालों का राज कायम है. वहीं, पहचान छुपाने की शर्त पर मजदूरों ने बताया कि रात के वक्त गौरखधंधा परवान पर रहता है.

एनएच किनारे बंद होटल में चल रहा कारोबार
राजधानी रांची से सरायकेला-खरसावां जिले में आने के क्रम में भी सबसे पहले आपको अवैध कारोबार ही मिलेंगे. नागासेरेंगे बाजार के पास झाड़ियों के बीच अवैध कारोबार संचालित किए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर ईचागढ़ थाना के करीब ढाई किलोमीटर का क्षेत्र आता है. इसी ढाई किलोमीटर में चार स्थानों पर अवैध कारोबार संचालित हो रहे हैं. दारुदा और नागासेरेंग के बीच नीमड़ीह गांव के सामने एक बंद होटल में भी अवैध कारोबार को खुलेआम अंजाम दिया जा रहा है. ग्रामीणों के अनुसार कानून व्यवस्था को मुंह चिढ़ाता काला कारोबार क्षेत्र के लिए बदनुमा दाग बनता जा रहा है. अगर इसी तरह अवैध कारोबार चलता रहा तो क्षेत्र में अपराधिक घटनाएं घटने से इनकार नहीं किया जा सकता है.



