सरायकेला में संपन्न हुई जिला स्तरीय नेहरू कप हॉकी प्रतियोगिता, एसटीआर संजय स्कूल का रहा दबदबा

सरायकेला, 12 अगस्त : इंडोर स्टेडियम, सरायकेला में आज जिला स्तरीय नेहरू कप हॉकी प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ। विभिन्न वर्गों में रोमांचक मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
17 वर्ष बालक वर्ग में एसटीआर संजय स्कूल, सरायकेला ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि +2 उच्च विद्यालय दलभंगा, कुचाई उपविजेता रहा। 15 वर्ष बालक वर्ग में भी एसटीआर संजय स्कूल ने जीत दर्ज कर अपनी श्रेष्ठता कायम रखी।
17 वर्ष बालिका वर्ग में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सरायकेला ने विजेता का ताज जीता, जबकि उत्क्रमित उच्च विद्यालय, तितिरविला उपविजेता रहा।
समापन समारोह में जिला ओलंपिक संघ के सचिव सिकंदर महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। जिला हॉकी संघ के उपाध्यक्ष सुरेश चौधरी और सचिव अमित मोदक विशिष्ट अतिथि रहे। प्रतियोगिता में जिला शिक्षा विभाग की स्पोर्ट्स प्रभारी सांत्वना जेना सह सरायकेला बीपीओ भी मौजूद रहीं।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में शारीरिक शिक्षा शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित विभिन्न पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों के खेल भावना और उत्साह की सराहना की तथा खिलाड़ियों को भविष्य में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।



