सोनारी ज्वेलरी लूट: लुटेरे चांडिल की ओर भागे, काठजोड़ में दो बाइक तालाब में डुबोकर दलमा जंगल में फरार – पुलिस की संयुक्त छापेमारी जारी

जमशेदपुर/चांडिल, 03 सितंबर : सोनारी में ज्वेलरी दुकान में लूट की घटना को अंजाम देने के बाद फरार हुए लुटेरों की सूचना मिलते ही जमशेदपुर और चांडिल पुलिस की संयुक्त टीम ने लुटेरों की तलाश में बड़े पैमाने पर छापेमारी शुरू की है। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में चल रहे ऑपरेशन में सोनारी पुलिस और चांडिल थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ सहित कई अधिकारी शामिल हैं। पीछा करने पर सामने आया कि बजाज पल्सर की दो बाइकों पर सवार छह लुटेरे चांडिल थाना क्षेत्र के काठजोड़ गांव की ओर घुसे। यह स्थान दलमा का तराई क्षेत्र है।
यहां उन्होंने दोनों बाइक एक तालाब में गहरे पानी में डुबो दीं और दलमा पहाड़ के घने जंगल की ओर पैदल फरार हो गए। पुलिस दल के साथ मौजूद खोजी कुत्तों ने लंबी दूरी तक ट्रेल पकड़ी, लेकिन फिलहाल गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। कंबिंग ऑपरेशन जारी है।
जानिए क्या है मामला
बुधवार दोपहर सोनारी थाना क्षेत्र स्थित वर्दमान आभूषण दुकान में चार–पांच हथियारबंद अपराधी ग्राहक बनकर घुसे और डकैती को अंजाम दिया। विरोध करने पर दुकानदार पंकज को सिर में गोली मारी गई। उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हड़बड़ी में भागते समय अपराधियों का बैग और टोपी मौके पर छूट गया। सीसीटीवी में वारदात कैद है, जिसके आधार पर पुलिस पहचान में जुटी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक तरीके से साफ है कि पहले रेकी की गई थी।



