ईचागढ़ विधानसभा में 33 हजार से अधिक मतदाता हुए कम, प्रारूप सूची प्रकाशित, 4 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

ईचागढ़ विधानसभा में 33 हजार से अधिक मतदाता हुए कम, प्रारूप सूची प्रकाशित, 4 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका

सरायकेला, 05 अगस्त : भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत बुधवार को जिले की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई। इस बार सबसे अधिक चर्चा ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की मतदाता संख्या को लेकर है। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,89,240 मतदाता दर्ज थे, जबकि विशेष गहन पुनरीक्षण, ऑनलाइन मैपिंग और गणना प्रपत्रों के सत्यापन के बाद प्रकाशित प्रारूप सूची में मतदाताओं की संख्या घटकर 2,56,155 रह गई है। यानी प्रारंभिक सूची में करीब 33,085 मतदाता कम दर्ज हुए हैं।

हालांकि जिला निर्वाचन प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल प्रारूप मतदाता सूची है। जिन पात्र मतदाताओं का नाम इस सूची में किसी कारणवश शामिल नहीं हो पाया है, उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। निर्वाचन आयोग ने 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया है। इस अवधि में मतदाता अपना नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन कराने अथवा अन्य आवश्यक सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं।

जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों – ईचागढ़, सरायकेला (अजजा) और खरसावाँ (अजजा) की प्रारूप मतदाता सूची का विधिवत प्रकाशन कर दिया गया है। संबंधित मतदान केंद्रों पर सूची चस्पा कर दी गई है, ताकि मतदाता अपने नाम और विवरण का सत्यापन कर सकें।

प्रारूप सूची के अनुसार जिले में कुल 7,67,613 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 3,84,834 पुरुष, 3,81,919 महिला तथा 10 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। विधानसभावार मतदाताओं की संख्या में ईचागढ़ में 2,56,155, सरायकेला में 3,02,716 तथा खरसावाँ में 2,08,742 मतदाता दर्ज किए गए हैं।

निर्वाचन आयोग के अनुसार 01 अप्रैल, 01 जुलाई अथवा 01 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक भी प्रपत्र-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर प्रदर्शित प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन अवश्य करें। यदि किसी का नाम छूट गया हो या किसी प्रकार की त्रुटि हो, तो निर्धारित अवधि के भीतर बीएलओ, एईआरओ अथवा ईआरओ के समक्ष दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत कर उसका सुधार कराएं। दावा एवं आपत्तियों का निष्पादन 03 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि 07 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

Share This Article