त्योहारों पर चांडिल पुलिस का सुरक्षा कवच, बाजार से हाईवे तक चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे जवान

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

 

धनतेरस पर ज्वेलरी दुकानों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में विशेष निगरानी, देर रात सादे लिबास में भी सड़कों पर उतरी पुलिस – नशेबाजों, अड्डेबाजों और संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर

 

चांडिल, 06 नवंबर : धनतेरस से लेकर दीपावली, बांदना, सोहराय, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और छठ महापर्व तक लगातार चलने वाले पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए चांडिल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चांडिल थाना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। बाजारों की भीड़ से लेकर प्रमुख चौक-चौराहों और राष्ट्रीय राजमार्ग तक पुलिस की सक्रियता दिखाई दे रही है।

शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर चांडिल बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। खासकर आभूषण दुकानों, इलेक्ट्रॉनिक प्रतिष्ठानों और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में देर शाम तक लोगों की आवाजाही बनी रही। इसे देखते हुए चांडिल थाना के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को प्रमुख बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया था। पुलिस की मौजूदगी का उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करने, आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने, शांति व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारु रखना था।

बाजार से चौक-चौराहों तक पुलिस की निगरानी

धनतेरस के दौरान चांडिल बाजार, डैम रोड, गोलचक्कर, चिलगु मोड़, घोड़ानेगी मोड़, पाटा टोल प्लाजा, फदलोगोड़ा काली मंदिर और कांदरबेड़ा चौक समेत कई प्रमुख स्थानों पर पुलिस पदाधिकारी एवं जवान तैनात रहे। दिनभर से लेकर देर रात तक पुलिस की सक्रियता बनी रही। प्रमुख बाजारों में पुलिस की मौजूदगी देखकर जहां असामाजिक तत्वों में सतर्कता रही, वहीं खरीदारी के लिए निकले आम लोगों ने भी सुरक्षा का एहसास किया।

विशेषकर ज्वेलरी दुकानों और भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास पुलिस की तैनाती पर जोर दिया गया, ताकि त्योहार के दौरान चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। वहीं, प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए भी पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।

वर्दी के साथ सादे लिबास में भी पुलिस की नजर

त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए चांडिल थाना पुलिस ने रात में गश्ती अभियान भी तेज कर दिया है। देर रात से पुलिस की गश्ती टीम राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर सक्रिय हो गई। खास बात यह है कि गश्ती दल में वर्दीधारी जवानों के साथ सादे लिबास में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान भी शामिल हैं।

सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों, बेवजह अड्डेबाजी करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रखने के लिए पुलिस सादे लिबास में भी निगरानी कर रही है। इस व्यवस्था के जरिए पुलिस ऐसे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखना चाहती है, जो त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था में खलल डाल सकते हैं या आम लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं।

त्योहारों के दौरान सुरक्षा और यातायात पर विशेष जोर

धनतेरस के बाद दीपावली, बांदना, सोहराय, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और छठ जैसे पर्वों को लेकर भी बाजारों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। ऐसे में पुलिस की चुनौती केवल भीड़ नियंत्रित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि बाजारों, धार्मिक स्थलों, प्रमुख सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखना भी है।

चांडिल पुलिस की बढ़ी सक्रियता से त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आम लोगों में भरोसा दिखाई दे रहा है। अब पुलिस की नजर आगामी पर्वों पर भी बनी रहेगी, ताकि लोग बिना किसी भय और परेशानी के अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकें।

Share This Article