सदर अस्पताल में बढ़ा मरीजों का भरोसा, निरीक्षण के बाद बोले मनोज चौधरी— अब केवल रेफरल सेंटर नहीं रहा अस्पताल
सरायकेला, 29 जून : सरायकेला सदर अस्पताल अब सिर्फ मरीजों को रेफर करने वाला अस्पताल नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने वाला भरोसेमंद चिकित्सा केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह बात नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने अस्पताल के साप्ताहिक निरीक्षण के दौरान कही।
अपने नियमित निरीक्षण कार्यक्रम के तहत सोमवार को मनोज कुमार चौधरी ने सदर अस्पताल पहुंचकर विभिन्न वार्डों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर उपचार व्यवस्था, चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाओं की आपूर्ति तथा अस्पताल में मिलने वाली अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकांश मरीजों एवं उनके परिजनों ने अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सेवाओं, डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के व्यवहार और उपचार व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। इस पर प्रसन्नता जताते हुए मनोज चौधरी ने कहा कि सदर अस्पताल अब अपनी पुरानी “रेफरल अस्पताल” की छवि से बाहर निकलकर लोगों के विश्वास का केंद्र बन रहा है।
उन्होंने बताया कि सिविल सर्जन के साथ नियमित समन्वय स्थापित कर अस्पताल में आधारभूत सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। जल्द ही अस्पताल में आधुनिक डिजिटल एक्स-रे मशीन की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा आपातकालीन कक्ष के बाहर डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के लिए अलग चेंबर का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे आपात स्थिति में मरीजों को बिना विलंब चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
मनोज चौधरी ने कहा कि सरायकेला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश एवं बिच्छू के डंक के मामले अक्सर सामने आते हैं। ऐसे मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक जीवनरक्षक इंजेक्शन एवं दवाएं सदर अस्पताल में उपलब्ध हैं और जरूरतमंदों को समय पर उपचार दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से सदर अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, जिससे जिले के लोगों को बेहतर इलाज के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम हो रही है।
निरीक्षण के अंत में मनोज कुमार चौधरी ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनसेवा की भावना के साथ अस्पताल को और अधिक आधुनिक, सुसज्जित एवं सुविधायुक्त बनाने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।