दुर्गा पूजा के दौरान हेलमेट चेकिंग स्थगित करने की मांग

जमशेदपुर, 28 सितंबर : जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रवक्ता आकाश शाह ने दुर्गा पूजा पर्व के दौरान शहर में चलाए जा रहे सख्त हेलमेट चेकिंग अभियान पर आपत्ति जताई है। उन्होंने जिला प्रशासन और ट्रैफिक विभाग से तत्काल इसे स्थगित करने की मांग की है।
आकाश शाह ने कहा कि दुर्गा पूजा हिंदुओं का सबसे बड़ा पर्व है, जिसमें लाखों श्रद्धालु पूजन सामग्री की खरीदारी और मंदिरों में दर्शन के लिए सड़कों पर निकलते हैं। ऐसे समय में ट्रैफिक पुलिस द्वारा बार-बार वाहन चालकों को रोककर परेशान करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन हर समय आवश्यक है, लेकिन धार्मिक पर्वों के दौरान इस तरह की कठोर कार्रवाई से आम लोगों को असुविधा होती है। कई स्थानों से यह शिकायत मिली है कि हेलमेट पहनने वाले वाहन चालकों को भी रोका जा रहा है और उनसे दुर्व्यवहार किया जा रहा है।
जद (यू) प्रवक्ता ने जिला प्रशासन से अपील की कि दुर्गा पूजा के अवसर पर हेलमेट चेकिंग अभियान को स्थगित किया जाए, ताकि श्रद्धालु बिना किसी तनाव और बाधा के पर्व को शांति और श्रद्धा के साथ मना सकें।



