

स्वर्गीय अशोक कुमार महतो के आश्रित परिवार ने कंपनी प्रबंधन पर उपेक्षा का लगाया आरोप, पांच दौर की वार्ता के बाद भी नहीं निकला समाधान
सरायकेला, 20 अगस्त : सरायकेला खरसावां जिले के कांड्रा स्थित अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड में कार्यरत रहे स्वर्गीय अशोक कुमार महतो के आश्रित परिवार ने अनुकंपा के आधार पर स्थायी नौकरी की मांग को लेकर कंपनी के मुख्य गेट के समक्ष अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना शुरू कर दिया है। परिवार का कहना है कि मृतक के निधन के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और भरण-पोषण के लिए कोई स्थायी साधन नहीं बचा है।

धरने पर बैठे मृतक के पुत्र मनीमय महतो ने बताया कि उनके पिता अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड में लैब असिस्टेंट के पद पर स्थायी रूप से कार्यरत थे। असामयिक निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई। ऐसे में परिवार के किसी आश्रित को अनुकंपा के आधार पर कंपनी में नियोजन मिलना बेहद जरूरी है।


मनीमय महतो के अनुसार, नियोजन की मांग को लेकर कंपनी प्रबंधन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को पत्र देकर कई बार मामले में पहल करने का आग्रह किया गया। इस मुद्दे पर कंपनी प्रबंधन के साथ अब तक पांच दौर की वार्ता भी हो चुकी है, लेकिन किसी भी बैठक में सकारात्मक समाधान नहीं निकल सका। प्रबंधन की ओर से मांग अस्वीकार किए जाने के बाद परिवार ने कंपनी के मुख्य गेट के बाहर शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का निर्णय लिया।

परिवार ने स्पष्ट किया है कि जब तक कंपनी प्रबंधन की ओर से उनकी मांग पर सकारात्मक पहल नहीं की जाती, तब तक धरना जारी रहेगा। आश्रित परिवार ने कंपनी प्रबंधन के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी मामले में हस्तक्षेप कर अनुकंपा के आधार पर नौकरी दिलाने की मांग की है।





इधर, धरना प्रदर्शन के संबंध में कंपनी प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन कंपनी के किसी भी पदाधिकारी ने इस मामले में अपना पक्ष रखने से परहेज किया।

























