चक्रवाती तूफान ‘AKVAN’ को लेकर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील इलाकों की निगरानी के निर्देश

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

 

निचले और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का आदेश, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारी रखने को कहा – उपायुक्त ने आम लोगों से अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की

 

सरायकेला, 19 नवंबर : चक्रवाती तूफान ‘AKVAN’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी ने जिले के सभी अंचल अधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को सतर्कता बरतने और एहतियाती तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील, निचले और बाढ़ संभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने को कहा गया है।

उपायुक्त ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जलजमाव एवं बाढ़ की आशंका वाले स्थानों को चिह्नित कर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है। साथ ही संबंधित कर्मियों को अलर्ट रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए उपलब्ध संसाधनों एवं तैयारियों की समीक्षा करने को कहा गया है।

निर्देश के तहत नदी, नाला, पुल-पुलिया और अन्य संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर रखी जाएगी। आम लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों की जानकारी देने तथा अनावश्यक आवागमन से बचने के लिए जागरूक करने का भी निर्देश दिया गया है।

प्रशासन ने आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तैयार रखने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने को कहा है। किसी भी अप्रिय घटना, प्रतिकूल परिस्थिति अथवा नुकसान की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश भी जारी किया गया है।

आम लोगों से सतर्क रहने की अपील

उपायुक्त ने जिलेवासियों से चक्रवाती तूफान के मद्देनजर सतर्क एवं सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है। लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने तथा नदी-नालों, जलजमाव वाले क्षेत्रों और पुल-पुलियों के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है।

तेज हवा एवं खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा पेड़ों, बिजली के खंभों और जर्जर संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसी भी आपात स्थिति या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को देने की अपील की गई है।

Share This Article