राज्यसभा चुनाव को लेकर झामुमो सक्रिय, सीएम हेमंत सोरेन ने बुलाई अहम बैठक : दीपक बिरुआ बोले— विपक्ष के हर चक्रव्यूह को तोड़ने को तैयार गठबंधन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

राज्यसभा चुनाव को लेकर झामुमो सक्रिय, सीएम हेमंत सोरेन ने बुलाई अहम बैठक : दीपक बिरुआ बोले— विपक्ष के हर चक्रव्यूह को तोड़ने को तैयार गठबंधन

रांची, 5 जून : झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपने-अपने स्तर पर रणनीति बनाने और उम्मीदवारों के चयन को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री सह झामुमो अध्यक्ष हेमंत सोरेन के नेतृत्व में शुक्रवार को रांची में पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में झामुमो के मंत्री, विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार, बैठक में राज्यसभा चुनाव के लिए गठबंधन की रणनीति, उम्मीदवारों के चयन तथा चुनावी गणित पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। साथ ही राज्यसभा में गठबंधन की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करने को लेकर नेताओं से राय ली जा रही है।
राजनीतिक हलकों में यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि राज्यसभा की दोनों सीटों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अपने-अपने समीकरण साधने में जुटे हुए हैं। महागठबंधन की ओर से उम्मीदवार चयन को लेकर भी मंथन जारी है।
बैठक के दौरान राज्य सरकार के मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और विपक्ष की हर राजनीतिक चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, विरोधियों के हर चक्रव्यूह को तोड़ने के लिए हमारा गठबंधन पूरी तरह एकजुट और तैयार है। झारखंड के हक, अधिकार और सम्मान की आवाज को राज्यसभा में और मजबूती से उठाया जाएगा।
राज्यसभा चुनाव की घोषणा के बाद से प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। राजनीतिक दल अपने विधायकों को एकजुट रखने के साथ-साथ चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। ऐसे में रांची में आयोजित झामुमो की यह बैठक आगामी चुनावी समीकरणों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Share This Article