DD बार हत्याकांड का खुलासा – दो आरोपी गिरफ्तार, तीन नाबालिग निरुद्ध, अब तक कुल पांच गिरफ्तारी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 03 जुलाई : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन बार एंड रेस्टोरेंट के बाहर हुई चर्चित चाकूबाजी एवं हिमांशु सिंह हत्याकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के त्वरित उद्भेदन के लिए गठित विशेष टीम ने अनुसंधान एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कांड में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मोटरसाइकिल तथा अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले में संलिप्त तीन विधि-विरुद्ध बालकों को भी विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए निरुद्ध किया गया है। इस प्रकार अब तक इस कांड में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर उनकी तलाश जारी है और शेष अभियुक्तों को भी जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

गौरतलब है कि 27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार एंड रेस्टोरेंट के बाहर अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह और प्रत्यूष आनंद को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। दोनों को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान हिमांशु सिंह की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रत्यूष आनंद को बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर किया गया है।

इस घटना को लेकर शहर में भारी आक्रोश व्याप्त है। हिमांशु सिंह की हत्या के विरोध में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आह्वान पर जमशेदपुर बंद का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न संगठनों और स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की।

Share This Article