
विसर्जन घाटों पर नाव, गोताखोर और क्रेन की होगी व्यवस्था, पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच के निर्देश
जमशेदपुर, 14 अक्टूबर : दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा समितियों द्वारा पूर्व में उठाई गई समस्याओं और दिए गए सुझावों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को समयबद्ध तरीके से आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जुस्को, अग्निशमन विभाग तथा केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति और सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
उपायुक्त ने सभी नगर निकायों को दशहरा से पहले सफाई कर्मियों के मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले रास्तों और प्रमुख सड़कों की मरम्मत, डिवाइडरों की मरम्मत, साफ-सफाई तथा सड़कों पर लटकती पेड़ों की डालियों की छंटाई समय पर पूरी करने को कहा। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए नो-इंट्री व्यवस्था प्रभावी बनाने और पूजा पंडालों के आसपास व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।
विसर्जन घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
विसर्जन घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने आवश्यकतानुसार नाव, गोताखोर और क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। खतरनाक स्थलों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग करने तथा ड्रॉप गेट लगाने को कहा गया, ताकि विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।
पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। पूजा समितियों को अग्निशमन उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण देने तथा अग्निशमन विभाग को पंडालों में उपलब्ध उपकरणों और सुरक्षा प्रबंधों की जांच करने को कहा गया। संबंधित विभागों को निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को समय रहते दूर करने का निर्देश दिया गया।
अफवाह फैलाने वालों पर हो सकती है कार्रवाई
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से दुर्गापूजा के दौरान सतर्कता बरतने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। लोगों से अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने तथा यातायात बाधित करने से बचने को कहा गया है। छोटे बच्चों के पंडाल भ्रमण के दौरान उनकी जेब में अभिभावक का नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखी पर्ची रखने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस प्रशासन को देने और संदिग्ध वस्तुओं को नहीं छूने की अपील की है। सोशल मीडिया पर अफवाहों, भ्रामक, भड़काऊ या अपुष्ट संदेशों को साझा नहीं करने की हिदायत भी दी गई है।
इसके अलावा नशे की हालत में पूजा पंडालों में जाने, तेज गति से वाहन चलाने, बाइक से करतब दिखाने, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और प्रेशर हॉर्न बजाने से बचने को कहा गया है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, आवासीय कॉलोनियों और अस्पतालों के आसपास पटाखे नहीं चलाने तथा धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं का सम्मान करते हुए आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से कीमती आभूषण और अनावश्यक सामान साथ ले जाने से बचने तथा अपने सामान के प्रति सतर्क रहने का भी आग्रह किया है।