वृद्धाश्रम में विशेष शिविर, 20 योग्य नागरिकों का भरवाया गया फॉर्म-6

MANBHUM UPDATES
1 Min Read

सरायकेला, 14 अक्टूबर : मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम जोड़ने और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से समाहरणालय के समीप साहिबगंज स्थित वृद्धाश्रम में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित 20 योग्य नागरिकों का फॉर्म-6 भरवाया गया।

निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने शिविर में उपस्थित लोगों को मतदान के महत्व और मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन कराने तथा स्थानांतरित और मृत मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया।

इस दौरान अधिकारियों ने वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही, वृद्धजनों की आवश्यकताओं एवं देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक सुविधाओं का समुचित ध्यान रखने का निर्देश दिया।

शिविर में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, गम्हरिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर और संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर उपस्थित रहे।

Share This Article