चांडिल में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल, एक की हालत गंभीर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

साप्ताहिक हाट से घर लौटने के दौरान भालुककोचा के पास हुआ हादसा, एक युवक की हालत गंभीर

चांडिल, 05 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चांडिल-पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर भालुककोचा के समीप गुरुवार को सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। हादसे में एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, महादेव महतो और प्रयागराज महतो मोटरसाइकिल से चांडिल साप्ताहिक हाट बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान भालुककोचा के समीप एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। दोनों की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। इनमें प्रयागराज महतो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जाता है कि घायल महादेव महतो चांडिल के रावताड़ा निवासी हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रयागराज महतो मूल रूप से धनबाद के रहने वाले हैं। वह इन दिनों रावताड़ा स्थित अपने बुआ के घर आए हुए थे।

Share This Article