
एडीएलएस सनशाइन स्कूल में तीन दिवसीय साहित्यिक महोत्सव का समापन, काव्य-पाठ, वाद-विवाद और पिच परफेक्ट प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बिखेरा जलवा
जमशेदपुर, 05 नवंबर : कदमा स्थित एडीएलएस सनशाइन स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय साहित्यिक महोत्सव ‘सोलिएस्टा-2026’ का गुरुवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। 3 से 5 नवंबर तक चले इस महोत्सव में विद्यार्थियों ने साहित्य, कला, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने का अवसर मिला।
महोत्सव के अंतिम दिन विद्यार्थियों के बीच सामूहिक काव्य-पाठ (कोरल रिसिटेशन), वाद-विवाद और पिच परफेक्ट जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों, तार्किक क्षमता और रचनात्मक सोच से उपस्थित अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अरका जैन विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. राजकुमारी घोष तथा करीम सिटी कॉलेज के जनसंचार एवं अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. नेहा तिवारी उपस्थित रहीं। विद्यालय की प्रधानाचार्या खुशबू ठाकुर एवं सचिव एम. कमल कुमार ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या खुशबू ठाकुर ने कहा कि साहित्यिक महोत्सव बुद्धिमत्ता, कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति कौशल का अनूठा संगम है। ‘सोलिएस्टा’ शब्द सूर्य के प्रकाश और उत्सव की भावना से प्रेरित है। यह शब्दों, ज्ञान और रचनात्मकता का उत्सव है, जो विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और कल्पनाओं को नई उड़ान देने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के पहले दो दिनों में भाषण, वाद-विवाद, पोस्टर निर्माण, आलेख लेखन एवं रचनात्मक लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। अतिथियों ने भी विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और रचनात्मक चिंतन विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महोत्सव का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। इसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। वहीं, विद्यार्थियों ने मार्केटिंग रणनीतियों की नई अवधारणाओं को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत कर अपनी उद्यमशीलता और नवाचार की सोच का परिचय दिया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, ‘सोलिएस्टा-2026’ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच साबित हुआ। विद्यालय में नर्सरी से नौवीं कक्षा तक नामांकन की प्रक्रिया भी जारी है।



