चांडिल पुलिस की सराहनीय कार्रवाई, NH-33 फायरिंग कांड के तीन आरोपी गिरफ्तार

चांडिल, 25 नवंबर : थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 स्थित आ सनबनी स्थित टाटा हाइवे होटल में 20 नवंबर को हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। घटना के तुरंत बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चांडिल पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई शुरू की। लगातार छापेमारी और कड़ी निगरानी के बाद पुलिस ने कांड में शामिल तीन आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों में मो. शहबाज आलम (20 वर्ष), मो. शाहिद रजा (19 वर्ष) और मो. फैजान आलम उर्फ मैक्स (20 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी मानगो और आजादनगर क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं, जिन्हें पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों से गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी फायरिंग की घटना में प्रत्यक्ष रूप से शामिल थे। इनके पास से अहम जानकारी और सुराग भी मिले हैं, जिसके आधार पर अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है।
त्वरित कार्रवाई के लिए चांडिल पुलिस की प्रशंसा
चांडिल थाना प्रभारी पु.अनि. निर्वल टिड़ू के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। टीम में थाना प्रभारी चौका सोनू कुमार, पु.अनि. राहुल कुमार भारती, पु.अनि. अमित कुमार, स.अ.नि. सीताराम मार्डी, स.अ.नि. अश्विनी मुंडा, स.अ.नि. सुरेंद्र कुमार सिंह समेत चांडिल थाना बल शामिल रहे।
पुलिस टीम की तत्परता और सटीक कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने भी प्रशंसा की है। पुलिस द्वारा अल्प समय में घटना का खुलासा और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
चांडिल पुलिस ने आश्वासन दिया है कि किसी भी हाल में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है।



