समाजसेवी मंगल सिंह मुंडा ने पेश की मानवता की मिसाल

कुकड़ू, 24 नवंबर : सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड के कुकड़ू–तिरूलडीह मुख्य सड़क पर डाटम के तीखे मोड़ के पास एक अनियंत्रित बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे समाजसेवी मंगल सिंह मुंडा ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को तत्काल तिरूलडीह स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया।
दुर्घटना में घायल युवकों की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी प्रशांत मछुआ (22) एवं शिशि निवासी राजेश मछुआ (25) के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार प्रशांत की स्थिति गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार हेतु एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे और कुकड़ू से तिरूलडीह की ओर लौट रहे थे, तभी डाटम के पास बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना स्थल पर भाजपा मंडल अध्यक्ष भरत महतो, आजसू प्रखंड अध्यक्ष अरुण महतो तथा सच्चिदानंद महतो भी मौजूद रहे। समाजसेवी मंगल सिंह मुंडा की तत्परता से घायलों को समय पर उपचार मिल सका, जिसकी स्थानीय लोगों ने सराहना की है।



