चोरी या किराया? चांडिल में बरामद जेसीबी मशीन पर दो पक्षों का दावा –

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

चोरी या किराया? चांडिल में बरामद जेसीबी मशीन पर दो पक्षों का दावा –

रजिस्ट्रेशन नंबर में गड़बड़ी से मामला और संदिग्ध

चांडिल, 12 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चिलगु से पुलिस ने शनिवार को एक पीले रंग की जेसीबी मशीन को बरामद किया है। यह मशीन चिलगु निवासी चंद्र मोहन प्रमाणिक के चारदीवारी के भीतर खड़ी थी, जिसे पुलिस ने जप्त कर थाने में लाकर रखा है। अब इस जेसीबी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खड़ा हो गया है — एक ओर जहां छत्तीसगढ़ निवासी अमरलाल साहू इसे अपनी चोरी हुई मशीन बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर चंद्र मोहन प्रमाणिक दावा कर रहे हैं कि उन्होंने यह मशीन ओडिशा से किराए पर मंगाई है।

चोरी का दावा करने वाले अमरलाल साहू की आपबीती

जेसीबी मशीन के वास्तविक मालिक अमरलाल साहू, जो कि छत्तीसगढ़ के जिला शक्ति अंतर्गत ग्राम अमनदुला, थाना मालखरौदा के निवासी हैं, का कहना है कि उन्होंने यह मशीन एक व्यक्ति को ₹25.16 लाख में बेची थी। सौदे के दौरान उन्हें केवल ₹1.5 लाख नकद दिए गए और शेष राशि का भुगतान चेक के माध्यम से करने का आश्वासन मिला। लेकिन जब अमरलाल ने चेक बैंक में लगाया तो वह बाउंस हो गया। इसके बाद संबंधित व्यक्ति ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और फरार हो गया।

अमरलाल साहू ने बताया कि कई प्रयासों के बावजूद जब न तो जेसीबी का कोई अता-पता चला और न ही खरीदार मिला, तो उन्होंने छत्तीसगढ़ के मालखरौदा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। जब पुलिस से उन्हें कोई खास मदद नहीं मिली, तब उन्होंने खुद ही मशीन की लोकेशन ट्रैक की और चांडिल के चिलगु तक पहुंचे। वहां स्थानीय पुलिस को जानकारी देने पर कार्रवाई की गई और मशीन को बरामद कर लिया गया।

चंद्र मोहन प्रमाणिक का किराए का दावा

दूसरी ओर, चंद्र मोहन प्रमाणिक ने पुलिस को बताया कि उन्होंने यह जेसीबी मशीन ओडिशा के एक व्यक्ति से प्रतिमाह ₹1 लाख किराए पर ली है। उन्होंने यह भी दावा किया कि वे इस मशीन का वैध उपयोग कर रहे हैं और चोरी से उनका कोई लेना-देना नहीं है।

रजिस्ट्रेशन नंबर में गड़बड़ी से मामला और संदिग्ध

इस पूरे प्रकरण में एक नया मोड़ तब आया जब अमरलाल साहू ने दावा किया कि मशीन का असली रजिस्ट्रेशन नंबर OD17 Y 6223 है, लेकिन बरामद मशीन पर OD14 G 3853 अंकित है। इससे पुलिस को शक है कि मशीन के रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ छेड़छाड़ की गई है, ताकि चोरी की पहचान न हो सके।

पुलिस की जांच जारी

चांडिल पुलिस ने मशीन को जप्त कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों को मशीन से संबंधित सभी वैध दस्तावेजों के साथ थाना में उपस्थित होने को कहा गया है। इसके अलावा, ओडिशा के उस व्यक्ति को भी तलब किया है जिसने कथित रूप से मशीन किराए पर दी थी।

 

फिलहाल जेसीबी मशीन पुलिस के कब्जे में है और मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस दोनों पक्षों के दस्तावेजों और रजिस्ट्रेशन की वैधता की जांच कर रही है। मशीन की असली पहचान और मालिकाना हक की पुष्टि के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

Share This Article