आमडीह फाटक के पास रेल हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आमडीह फाटक के पास रेल हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत

गम्हरिया, 11 सितंबर : सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड के आमडीह फाटक के समीप शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव झुरकुली फाटक और आमडीह फाटक के बीच रेलवे के पोल संख्या 263/D12 के पास पड़ा मिला।

मृतक की पहचान जयराम मांझी के रूप में की गई है। झामुमो के गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष भोमरा मांझी ने मृतक की पहचान अपने गांव के निवासी के रूप में की है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे और तत्काल इसकी सूचना रेलवे पुलिस एवं गम्हरिया थाना को दी।

भोमरा मांझी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 7:05 बजे साउथ बिहार एक्सप्रेस के गुजरने के दौरान यह हादसा हुआ। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि जयराम मांझी शौच के लिए रेलवे ट्रैक की ओर गए थे, इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद गम्हरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article