उलिहातु में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर भव्य समारोह, राज्यपाल-मुख्यमंत्री सहित अनेक गणमान्य उपस्थित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

उलिहातु में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर भव्य समारोह, राज्यपाल-मुख्यमंत्री सहित अनेक गणमान्य उपस्थित

खूंटी, 15 नवंबर : उलिहातु में आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड वीरों की धरती है, जिनके बलिदान से राज्य का निर्माण हुआ। उन्होंने कहा कि वीर शहीदों के सपनों का झारखंड बनाना सभी की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि आज उनके न होने से एक गहरी शून्यता महसूस हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी एवं जनजातीय समुदायों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं में इन समुदायों को प्राथमिकता दी जा रही है तथा बजट का बड़ा हिस्सा माताओं-बहनों, किसानों और गरीब परिवारों के उत्थान पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को समझते हुए योजनाओं को उनके द्वार तक पहुंचा रही है।

महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्रों में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड अब 25 वर्ष का युवा राज्य है और युवाओं के साथ मिलकर राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना सरकार का लक्ष्य है।

कार्यक्रम में विधायक विकास सिंह मुंडा, रामसूर्या मुंडा व सुदीप गुड़िया, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, बिरसा मुंडा के वंशज सुखराम मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने सभी को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

Share This Article