कांदरबेड़ा पंचवटी शिव मंदिर में नया शिवलिंग स्थापित, भव्य कलश यात्रा निकली – शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न होगी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कांदरबेड़ा पंचवटी शिव मंदिर में नया शिवलिंग स्थापित, भव्य कलश यात्रा निकली – शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न होगी

चांडिल, 30 जुलाई : चांडिल प्रखंड के कांदरबेड़ा स्थित सार्वजनिक पंचवटी शिव मंदिर में नया शिवलिंग स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। गौरतलब है कि मंदिर का पूर्ववर्ती शिवलिंग हाल ही में रहस्यमय ढंग से क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसमें दरारें देखी गई थीं। इस घटना से श्रद्धालुओं में चिंता व्याप्त हो गई थी।

स्थानीय ग्रामीणों ने इस विषय पर विद्वान पंडितों से परामर्श किया। उनके सुझाव पर पवित्र सावन माह को देखते हुए नए शिवलिंग की स्थापना कर उसकी प्राण प्रतिष्ठा करने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में बुधवार को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।

सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। कुल 101 महिलाओं और कन्याओं ने स्वर्णरेखा नदी से पवित्र जल भरकर कलश यात्रा निकाली। यात्रा स्वर्णरेखा नदी से प्रारंभ होकर पंडित रघुनाथ मुर्मू चौक होते हुए सार्वजनिक पंचवटी शिव मंदिर तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शामिल हुए। मंदिर परिसर और नवस्थापित शिवलिंग का शुद्धिकरण इन्हीं 101 कलशों के जल से विधिपूर्वक किया गया।

अब गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं महायज्ञ के साथ शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। आयोजन को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के गांवों के लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित होने की तैयारी कर रहे हैं।

मंदिर समिति के सदस्य एवं ग्रामीणों ने सभी भक्तों से इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है। शिवभक्तों में आयोजन को लेकर गहरी श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना हुआ है।

Share This Article