पूर्व सैनिक नायक नवल किशोर सिंह को सैनिक सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई, नगरवासियों और पूर्व सैनिकों ने दी नम आंखों से अंतिम विदाई

जमशेदपुर, 30 जुलाई : पूर्वी सिंहभूम जिले के सम्मानित पूर्व सैनिक एवं पूर्व सैनिक सेवा परिषद के वरिष्ठ सदस्य नायक नवल किशोर सिंह को मंगलवार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनका निधन रविवार को दोपहर 2:00 बजे ब्रह्मानंद अस्पताल में हुआ था। निधन की सूचना मिलते ही पूर्व सैनिक सेवा परिषद के प्रतिनिधि ब्रज किशोर सिंह, सुशील कुमार सिंह, दिनेश सिंह और मिथिलेश कुमार सिंह तुरंत अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मिलकर पार्थिव शरीर को मर्चरी में रखवाया।
स्वर्गीय नवल किशोर सिंह का एक नाती विदेश (इजिप्ट) में कार्यरत है, जिनके आने के उपरांत मंगलवार सुबह उनका पार्थिव शरीर अस्पताल से प्रेम नगर, लक्ष्मी नगर स्थित आवास लाया गया। धार्मिक रीति-रिवाजों के बाद पूर्व सैनिकों ने उन्हें राष्ट्रीय ध्वज अर्पित कर अंतिम सम्मान प्रदान किया। अंतिम यात्रा के लिए पुलिस के पीसीआर वाहन ने अगुवाई की, जिसमें बर्मामाइंस, टेल्को, गोलमुरी एवं सीतारामडेरा थाना के पुलिसकर्मी भी शामिल रहे।
राज्य सैनिक कल्याण पदाधिकारी ब्रिगेडियर निरंजन कुमार एवं कोल्हान के सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल किशोर सिंह के प्रतिनिधियों के रूप में सुशील कुमार सिंह, पंकज कुमार सिंह, कुंदन सिंह, बरमेश्वर पांडे, देवेंद्र त्रिपाठी, हंसराज सिंह, ब्रज किशोर सिंह, मिथिलेश कुमार सिंह, सतनाम सिंह, अशोक कुमार श्रीवास्तव, विजय शंकर पांडे, बलजीत सिंह, राधेश्याम, ओमप्रकाश शर्मा, भरत पोद्दार, प्रमोद कुमार दास, जावेद हुसैन, रामजीत प्रसाद और सतेंद्र सिंह समेत अन्य पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
अंतिम यात्रा में समाजसेवी शिवशंकर सिंह के सहयोग से उपलब्ध मोक्षवाहन को तिरंगे से सजाया गया, जो पूरे मार्ग का आकर्षण बना रहा। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिक श्रद्धा भाव से खड़े होकर अंतिम सलामी देते नजर आए। अंत में उनके नाती ने मुखाग्नि दी।
स्वर्गीय नवल किशोर सिंह अपने पीछे दो बेटियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से पूर्व सैनिक समुदाय और समाज में गहरा शोक व्याप्त है।
यह रिपोर्ट सैनिक सम्मान, समाज और राष्ट्र सेवा की भावना को समर्पित है।



