पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का मेगा प्लान, 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का मेगा प्लान, 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

पुरुलिया, 11 सितंबर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। एक महीने तक चलने वाला यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होगा। अभियान के दौरान सेवा, जनसंपर्क और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

पुरुलिया भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर महतो ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है, जिसे भाजपा प्रत्येक वर्ष ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाती है। वहीं, 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इस लिहाज से 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक पद पर 25 वर्ष पूरे हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इस बार हर वर्ष आयोजित होने वाले ‘सेवा पखवाड़ा’ को विस्तारित रूप देते हुए एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत भाजपा ने 12 प्रकार की सेवा-केंद्रित गतिविधियां निर्धारित की हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।

शंकर महतो ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सेवा भाव के साथ जनसंपर्क को मजबूत करना तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की।

रिपोर्ट : सिद्धार्थ सेन (पुरुलिया )

Share This Article