30वें श्री श्याम जन्म महोत्सव में शामिल होने के लिए राज्यपाल को दिया न्योता

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

श्री श्याम कला भवन के प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन में की मुलाकात, राज्यपाल संतोष गंगवार ने सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की सराहना की

चांडिल, 13 नवंबर : आगामी 20 नवंबर को आयोजित होने वाले 30वें श्री श्याम जन्म महोत्सव को लेकर श्री श्याम कला भवन, चांडिल के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से रांची स्थित लोकभवन में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का सादर निमंत्रण दिया।

श्री श्याम कला भवन के अध्यक्ष संजय चौधरी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संस्था की ओर से पिछले 29 वर्षों से लगातार आयोजित किए जा रहे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। संजय चौधरी ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद संस्था चांडिल जैसे ग्रामीण क्षेत्र में धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है।

प्रतिनिधिमंडल की बातों को राज्यपाल संतोष गंगवार ने गंभीरता से सुना और श्री श्याम कला भवन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में लगातार 29 वर्षों से धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करना सराहनीय है। राज्यपाल ने संस्था को शुभकामनाएं देते हुए महोत्सव में शामिल होने के निमंत्रण पर अपनी व्यस्तताओं और प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए समयानुसार विचार करने की बात कही। वहीं, अध्यक्ष संजय चौधरी ने बताया कि राज्यपाल ने कार्यक्रम में शामिल होने का यथासंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया है।

इस अवसर पर संजय चौधरी के अलावा राजीव गुप्ता, अनंत आड्य, अश्वनी शर्मा एवं रवि सुल्तानिया उपस्थित थे।

Share This Article