रांची में 10–11 जनवरी को होगा दो दिवसीय साइक्लिंग टैलेंट आइडेंटिफिकेशन / सेलेक्शन ट्रायल

रांची, 08 जनवरी : साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में झारखंड की उभरती साइक्लिंग प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से दो दिवसीय साइक्लिंग टैलेंट आइडेंटिफिकेशन / सेलेक्शन ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है। यह ट्रायल 10 एवं 11 जनवरी 2026 को रांची स्थित खेलगांव के साइक्लिंग वेलोड्रम / मुख्य एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित होगा।
चयन ट्रायल की शुरुआत 10 जनवरी 2026 को प्रातः 10 बजे से होगी, जबकि प्रतिभागियों की रिपोर्टिंग का समय सुबह 9:30 बजे निर्धारित है। इस दो दिवसीय चयन प्रक्रिया में राज्य के सभी जिलों के बालक एवं बालिकाएं भाग ले सकते हैं, ताकि झारखंड की साइक्लिंग प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
आयु एवं पात्रता
इस चयन ट्रायल में वही बालक एवं बालिकाएं भाग ले सकेंगे, जिनकी जन्म तिथि वर्ष 2011 से 2013 के बीच हो। साथ ही प्रतिभागियों का मूल रूप से झारखंडी होना अनिवार्य है।
आवश्यक दस्तावेज
प्रतिभागियों को जन्म प्रमाण पत्र (बोना फाइड), आधार कार्ड तथा पासपोर्ट साइज दो फोटो अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा।
सेलेक्शन प्रक्रिया (बैटरी टेस्ट) चयन प्रक्रिया के तहत बालिकाओं के लिए 800 मीटर दौड़ एवं बालकों के लिए 1600 मीटर दौड़, वर्टिकल जंप, ब्रॉड जंप तथा उपलब्धता के आधार पर वार्ड बाइक टेस्ट लिया जाएगा।
आगे का अवसर
राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को अंतिम एवं फाइनल चयन के लिए दिल्ली में आयोजित ट्रायल में भाग लेने का अवसर मिलेगा। अंतिम चयन के पश्चात भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के खेल प्रशिक्षण केंद्र में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर साइक्लिंग में भविष्य संवारने का मौका मिलेगा।



