
माकूलाकोचा में गांव गणराज्य संगठन की मासिक समीक्षा बैठक, तीन प्रखंडों के सदस्यों ने लिया भाग
चांडिल, 26 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत माकूलाकोचा गांव में गांव गणराज्य संगठन की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रूपाई सिंह ने की। इसमें चांडिल, नीमडीह और बोड़ाम प्रखंड के संगठन सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में ग्रामसभा की समस्याओं, ग्रामसभा के सशक्तीकरण और वन अधिकार कानून, 2006 के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में ग्रामसभा पंचायत और ग्रामसभा कमेटियों को सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। सदस्यों ने कहा कि ग्रामसभा में सामने आने वाली विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए संगठित होकर प्रयास करने की जरूरत है। साथ ही, संगठन को प्राप्त लिखित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अब तक हुए निराकरण और लंबित मामलों की जानकारी ली गई। संगठन के नए सदस्यों का पहचान पत्र (आईडी) बनाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।
इस दौरान गांव गणराज्य लोक समिति कोल्हान के संगठन संयोजक बृहस्पति सिंह सरदार ने कहा कि संगठन के प्रत्येक सदस्य के लिए मासिक समीक्षा बैठक में शामिल होना अनिवार्य होगा। इससे सदस्यों की सक्रियता और ग्रामसभा व संगठन के प्रति उनकी जिम्मेदारी का आकलन किया जा सकेगा। उन्होंने सदस्यों से ग्रामसभा को मजबूत बनाने तथा ग्रामीण समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।
बैठक में चांडिल प्रखंड अध्यक्ष बलराम सिंह सहित बोड़ाम प्रखंड के ईश्वर सबर, शुकदेव सिंह, सुखलाल सिंह, सूर्य देव सिंह, मांसाराम सिंह, फागू सिंह, चंदन सिंह, गुणाधर सिंह, छुट्टूलाल सिंह और भमर सिंह समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।



