
चांडिल स्टेशन पर भाजपा नेता हरेलाल महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, बोले- धार्मिक और पर्यटन स्थलों को जोड़ने में अहम होगी ट्रेन
चांडिल, 26 अक्टूबर : सांतरागाछी-टाटानगर-जयपुर (खातीपुरा) एक्सप्रेस ट्रेन के परिचालन का शुभारंभसोमवार को हुआ। इस ट्रेन के परिचालन से झारखंड समेत पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। ट्रेन विभिन्न राज्यों को रेल मार्ग से जोड़ने के साथ धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच को भी आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
चांडिल रेलवे स्टेशन पर भाजपा नेता हरेलाल महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस अवसर पर हरेलाल महतो ने ट्रेन के परिचालन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार रेलवे सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास के कार्य कर रही है। रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के परिचालन से झारखंड के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। साथ ही, विभिन्न राज्यों के बीच संपर्क बढ़ने से धार्मिक यात्राओं और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
हरेलाल महतो ने कहा कि केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ के अथक प्रयासों से चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में कई विकास कार्य हुए हैं। उनके प्रयासों से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चांडिल रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्टेशनों को भी विशेष महत्व मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में क्षेत्र की रेल सुविधाओं का और विस्तार होगा, जिससे स्थानीय यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।
इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि मनोज महतो, भाजपा जिला महामंत्री डॉ. भूषण मुर्मू, डीआरसीसीयू सदस्य दिवाकर सिंह, सारथी महतो, मनोरंजन महतो, आकाश महतो, पप्पू वर्मा, प्रभात पोद्दार, सोमेन मोदक, विजय मोदक, दिगंबर सिंह, सुमन मुखर्जी और बुद्धेश्वर महतो समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।