जनता दरबार में गूंजीं जिलेभर की समस्याएं, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जनता दरबार में गूंजीं जिलेभर की समस्याएं, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

सरायकेला, 12 अगस्त : समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों और अंचलों से पहुंचे आम नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं को लेकर आवेदन सौंपे। उपायुक्त ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों के त्वरित एवं नियमानुसार निष्पादन का निर्देश दिया।

जनता दरबार में भूमि विवाद, आदित्यपुर में कचरा डंपिंग के लिए भूमि चिन्हित करने, राशन कार्ड में नाम जोड़ने और आदित्यपुर नगर निगम में कार्यरत एजेंसी की कथित लापरवाही से संबंधित आवेदन प्रमुख रूप से प्राप्त हुए।

इसके अलावा भू-अर्जन विभाग द्वारा अधिग्रहित भूमि के लंबित मुआवजे के भुगतान को लेकर भी लोगों ने अपनी शिकायतें रखीं। वहीं मौजा कुचाई के टोला गाड़ाकुटी, कोपलोंग एवं कसोमकुटी के लिए अलग ग्राम सभा के गठन की अनुमति प्रदान करने की मांग को लेकर भी आवेदन दिया गया।

उपायुक्त ने सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और विधिसम्मत समाधान का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक मामले में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों के माध्यम से जहां जिले के विभिन्न क्षेत्रों की जमीनी समस्याएं प्रशासन के सामने आईं, वहीं उपायुक्त ने संबंधित विभागों को इन मामलों पर गंभीरता से कार्रवाई करने का निर्देश देकर लोगों को राहत पहुंचाने की पहल की।

Share This Article