
SIR में 1.24 लाख मतदाताओं के रिकॉर्ड पर नोटिस, राजनीतिक दलों से सत्यापन में सहयोग की अपील
सरायकेला, 11 अगस्त : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर मंगलवार को सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में NIC सभागार में आयोजित बैठक में प्रारूप मतदाता सूची, दावा-आपत्ति, सत्यापन और नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में बताया गया कि जिले में 30 जून से 29 जुलाई तक चले गणना चरण के दौरान कुल 8,92,189 मतदाताओं में से 7,66,713 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र (Enumeration Form) जमा किया, जिसे डिजिटाइज किया जा चुका है। वहीं 1,24,576 गणना प्रपत्रों का एकीकरण नहीं हो सका। इनमें डुप्लीकेट के 9,088, मृत्यु के 26,242, स्थानांतरित मतदाताओं के 39,431, अनुपस्थित मतदाताओं के 45,417 तथा विदेशी एवं अन्य श्रेणी के 4,398 मामले शामिल हैं।
जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,34,432 नोटिस मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें ईचागढ़ में 62,129, सरायकेला में 1,12,156 और खरसावां विधानसभा क्षेत्र में 60,147 मामले शामिल हैं।
अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप मतदाता सूची और ASDDF सूची का बारीकी से अवलोकन करने की जानकारी दी। किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने या सूची में किसी तरह की त्रुटि मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति दाखिल करने को कहा गया। इसके लिए प्रपत्र-6, 6A, 7 और 8 के माध्यम से नाम जोड़ने, विलोपन और संशोधन की प्रक्रिया समझाई गई।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची तैयार करने में बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने BLA-2 को सक्रिय रूप से प्रक्रिया में शामिल करने तथा मतदाता सूची एवं संबंधित सूचियों का सूक्ष्मता से सत्यापन कर निर्धारित अवधि में दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कोई भी योग्य मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और कोई अयोग्य नाम सूची में शामिल न हो, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। निर्वाचन तंत्र और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्याधारित तरीके से प्रक्रिया में सहयोग करने का आग्रह किया गया।
प्रशासन के अनुसार 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन हो चुका है। दावा-आपत्ति 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दाखिल की जा सकेगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। वहीं 15 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक ग्राम पंचायत भवनों एवं शहरी क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। 22 और 23 अगस्त को द्वितीय विशेष कैंप तथा 25 अगस्त से 4 सितंबर तक Home to Roll Verification कार्यक्रम चलेगा।
बैठक में अपर उपायुक्त सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी जयवर्धन कुमार, सरायकेला एसडीओ सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे।



