
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपाइयों का सड़क पर प्रदर्शन, कटिन और बेलटांड़ चौक किया जाम – वाहनों की लगी लंबी कतार
पटमदा, 11 अगस्त : झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में छात्रों द्वारा विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर कमलपुर मंडल और पटमदा मंडल के कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग स्थानों पर टायर जलाकर सड़क जाम किया। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की गई।
कमलपुर मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं ने कटिन चौक पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विधानसभा घेराव के दौरान शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर प्रशासन ने लाठीचार्ज किया तथा आंसू गैस और पानी की बौछार का इस्तेमाल कर आंदोलन को दबाने का प्रयास किया। भाजपा नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए झारखंड में विभिन्न नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
सड़क जाम के कारण कटिन चौक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। समझाने-बुझाने के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
कमलपुर मंडल के प्रदर्शन में भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप महतो, संदीप मिश्रा, सदानंद महतो, मुचीराम बाउरी, कृपासिंधु महतो, मंडल अध्यक्ष मधुसूदन महतो, संजय प्रामाणिक, किसान महतो और रमानाथ समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इधर, पटमदा मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष कृष्ण पद सिंह के नेतृत्व में बेलटांड़ चौक पर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों पर कार्रवाई की निंदा की और विभिन्न नियुक्ति परीक्षाओं में कथित धांधली की सीबीआई जांच की मांग उठाई। भाजपा नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कृष्ण पद सिंह, शरत सिंह सरदार, बिमल मंडल, सनातन दास, शांतनु मुखर्जी, नित्यानंद मंडल, बासुदेव मंडल समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान पार्टी नेताओं ने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और नियुक्ति परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।



