नीमडीह प्रखंड सभागार में ग्राम प्रधानों की बैठक संपन्न, पेसा एक्ट, धान अधिप्राप्ति व स्वास्थ्य योजनाओं पर हुई चर्चा

नीमडीह, 6 जनवरी : प्रखंड सभागार, नीमडीह में ग्राम प्रधानों की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम, पेसा एक्ट एवं उसकी नियमावली पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने ग्राम सभाओं को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर देते हुए बताया कि जल, जंगल और जमीन से संबंधित स्थानीय विवादों के समाधान में ग्राम सभा एवं ग्राम प्रधानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। नई नियमावली के तहत ग्राम सभा के अधिकारों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया।
धान अधिप्राप्ति को लेकर हुई चर्चा में यह निर्णय लिया गया कि किसानों का किसी भी प्रकार से शोषण न हो। ग्राम प्रधानों से अपील की गई कि वे किसानों को लैम्पस के माध्यम से धान बेचने के लिए प्रेरित करें, जिससे उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य एवं बोनस का लाभ मिल सके। साथ ही नमी के निर्धारित मानकों की भी जानकारी दी गई।
बैठक में 09 जनवरी को होने वाले प्रखंड स्वास्थ्य मेला को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। ग्राम प्रधानों को निर्देश दिया गया कि वे अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करें। मेले में मुफ्त स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण एवं आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना पर चर्चा करते हुए ग्राम प्रधानों को अपने गांव के गंभीर रूप से बीमार एवं गरीब मरीजों की पहचान करने का निर्देश दिया गया। योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता के लिए आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी साझा की गई।



