जयदा टुसू मेला के तीसरे दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

चांडिल, 16 जनवरी : मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक जयदा टुसू मेला के तीसरे दिन शुक्रवार को श्रद्धालुओं और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मेला में स्थानीय सांसद का केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ समेत दूर-दराज से पहुंचे आम और खास लोगों ने पारंपरिक टुसू मेला का आनंद लिया।
मेले में सुबह से ही प्राचीन कालीन बूढ़ा बाबा शिव मंदिर में पूजा-अर्चना को लेकर खासा उत्साह देखा गया। मेले परिसर में सजे ग्रामीण हाट में हस्तशिल्प, कृषि उपकरण, खिलौने और स्थानीय व्यंजनों की दुकानों पर दिनभर रौनक बनी रही। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने झूले, खेल-तमाशों का भरपूर आनंद उठाया।
पुलिस प्रशासन और मेला समिति की ओर से सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात की समुचित व्यवस्था की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों और स्वयंसेवकों की तैनाती से भीड़ प्रबंधन सुचारु रहा। समिति सदस्यों ने बताया कि मेले के आगामी दो दिनों तक आयोजन की श्रृंखला जारी रहेगी।
स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आए श्रद्धालुओं ने जयदा टुसू मेला की व्यवस्थाओं की सराहना की और इसे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बताते हुए ऐसे आयोजनों को संरक्षण देने की आवश्यकता पर जोर दिया।



