चौका आदारडीह में दो दिवसीय टुसू मेला का आयोजन, चुमकी रानी ने जमाया रंग

कुकड़ू, 16 जनवरी : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत चौका आदारडीह गांव में मकर पर्व के अवसर पर दो दिवसीय टुसू मेला सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मेला क्षेत्र में पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक रंग बिखरा रहा, जहां दूर-दराज से पहुंचे लोगों ने उत्सव का आनंद लिया।
मेले के अंतिम दिन बंगला एल्बम की मशहूर गायिका चुमकी रानी ने अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके साथ आई झूमर टीम ने एक से बढ़कर एक गीत और नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। देर शाम तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम में हजारों की संख्या में मौजूद दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ कलाकारों का स्वागत किया।
हालांकि इस वर्ष मेले में टुसू प्रतिमाओं की संख्या अपेक्षाकृत कम देखने को मिली, फिर भी लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। मेले में पारंपरिक लोकगीत, नृत्य, झूले और ग्रामीण हाट लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
मेले के दौरान जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक कुमार साव, ग्राम प्रधान रघुबर कुमार, अभिराम बनर्जी, कालोबरन सिंह मुंडा, पंचायत समिति सदस्य मंगल सिंह मुंडा, डॉ. दिलीप कुमार, रमेश गोप, गणेश महतो, राहिन महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं दर्शक उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने ऐसे आयोजनों को क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बताते हुए इसे निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।



