सरकारी रास्ते पर कब्जे का आरोप, सड़क निर्माण रुका – 200 से अधिक ग्रामीणों ने सीओ से लगाई गुहार
गम्हरिया, 20 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत दुग्धा पंचायत के रामजीवनपुर स्थित बांधपुल टोला में सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज सार्वजनिक रास्ते पर सड़क निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि एक परिवार के विरोध के कारण सरकारी सड़क निर्माण कार्य ठप पड़ गया है, जिससे 200 से अधिक ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार प्लॉट संख्या 499 में सरकारी फंड से सड़क निर्माण के लिए सामग्री गिराकर कार्य प्रारंभ किया गया था। इसी दौरान संदीप लोहार और उनके परिवार के कुछ सदस्यों द्वारा उक्त भूमि को निजी बताते हुए निर्माण कार्य का विरोध किया गया, जिसके बाद काम रोक दिया गया।
मामला गम्हरिया थाना पहुंचा, जहां पुलिस द्वारा जमीन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। ग्रामीणों का दावा है कि विरोधी पक्ष कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति और खर्च पर निजी अमीन से जमीन की मापी कराई गई, जिसमें भूमि सरकारी बताई गई। 19 जुलाई को दोबारा एक अन्य निजी अमीन से कराई गई मापी में भी कथित रूप से यही तथ्य सामने आया।
इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से नाराज ग्रामीण सोमवार को समाजसेवी शिशील कुमार माथुर के नेतृत्व में अंचल कार्यालय पहुंचे और अंचल अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता लगभग 200 से अधिक लोगों के लिए गम्हरिया आने-जाने का एकमात्र मार्ग है। बरसात के दिनों में सड़क कीचड़ और गड्ढों से भर जाती है, जिससे आवागमन और भी कठिन हो जाता है।
ग्रामीणों ने सरकारी विकास कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए अविलंब सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है। वहीं, अंचल अधिकारी ने मामले की सरकारी अमीन से पुनः मापी कराने तथा जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।