हाईटेंशन तार की चपेट में आया रथ, करंट से दो स्कूली छात्रों की मौत, सात घायल
खूंटी, 20 जुलाई : झारखंड के खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। स्कूल के लंच ब्रेक के दौरान रथयात्रा का रथ खिसकाने के दौरान वह 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। रथ में करंट दौड़ने से दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य छात्र झुलस गए। घायलों में एक छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे रिम्स, रांची रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सभी छात्र श्री हरि प्लस टू विद्यालय, तोरपा के हैं। दोपहर में लंच ब्रेक के दौरान कुछ छात्र विद्यालय परिसर के समीप स्थित मंदिर के पास रखे रथ के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान किसी व्यक्ति द्वारा बच्चों की मदद से रथ को एक स्थान से दूसरे स्थान पर हटाया जा रहा था। रथ खिसकाते समय वह ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे पूरे रथ में तेज करंट दौड़ गया और उसे पकड़कर चल रहे छात्र इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी घायलों को तोरपा रेफरल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से झुलसे छात्रों चंदन कुमार और तेजेश्वर महतो को सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। एक अन्य गंभीर छात्र को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार तोरपा रेफरल अस्पताल में चल रहा है।
घायलों में रूपेश सिंह, अरमान आलम, पंकज राम, गिरिराज यादव, सुजय लोहरा, नीलाय एक्का सहित एक अन्य छात्र शामिल है।
मृतक छात्र चंदन कुमार के पिता ननका यादव ने बताया कि बेटे के करंट लगने की सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि आखिर रथ हाईटेंशन तार की चपेट में कैसे आया, इसकी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।
विद्यालय की प्राचार्य किरण हेरेंज ने बताया कि लंच ब्रेक के दौरान कई छात्र भोजन करने घर चले जाते हैं। घटना के समय बच्चे मंदिर परिसर तक कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी विद्यालय प्रशासन को नहीं थी।
वहीं बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता जेम्स कुजूर ने कहा कि रथ को हटाने के लिए विभाग से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी और न ही कोई सूचना दी गई थी। उन्होंने बताया कि बिना सुरक्षा उपाय अपनाए रथ खिसकाने के दौरान यह हादसा हुआ। मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे तोरपा क्षेत्र में मातम का माहौल है। मृतक छात्रों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि घटना ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक आयोजनों में बरती जाने वाली लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।