बिष्टुपुर पुलिस ने 21 दोपहिया वाहन बरामद किए, 8 आरोपी गिरफ्तार – ओडिशा तक फैले नेटवर्क की जांच
जमशेदपुर, 22 सितंबर : शहर में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच बिष्टुपुर पुलिस ने एक बड़े वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से 21 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य भीड़भाड़ वाले इलाकों से बाइक और स्कूटी चोरी करने के बाद उनकी पहचान बदलकर ग्रामीण क्षेत्रों और पड़ोसी राज्य ओडिशा के सीमावर्ती गांवों में बेचते थे।
पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर की रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि पीएम मॉल के पास दो संदिग्ध चोरी की स्कूटी के साथ घूम रहे हैं। सूचना पर बिष्टुपुर पुलिस ने तत्काल छापेमारी दल गठित कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। जांच में स्कूटी के चोरी की होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर बागबेड़ा, पोटका और कोवाली थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की। इस दौरान अलग-अलग जगहों से 21 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए और गिरोह से जुड़े छह अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश कुमार, मुनीराम मुर्मू, कारू मार्डी, विक्रांत सहानी, विक्रम साहनी, अशोक पात्रो, पेलाराम सरदार और काशीनाथ सरदार के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य जुबली पार्क, नेचर पार्क, पीएम मॉल और नॉर्थ पार्किंग एरिया समेत अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट और रजिस्ट्रेशन नंबर में बदलाव किया जाता था। इसके बाद वाहनों को सुदूर ग्रामीण इलाकों और ओडिशा के विभिन्न गांवों में बेचने की बात सामने आई है।
फिलहाल पुलिस बरामद वाहनों के इंजन और चेचिस नंबर का सत्यापन करा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री और ओडिशा तक फैले नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से वाहन चोरी के कई पुराने मामलों का भी खुलासा हो सकता है।



