विधायक सविता महतो ने निजी खर्च से की विद्यालय के लिए बर्तन की व्यवस्था

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

ईचागढ़ के मध्य विद्यालय लेपाटांड़ में बच्चों के भोजन पर आया था संकट, सूचना मिलते ही विधायक ने उपलब्ध कराए खाना बनाने के जरूरी बर्तन

 

ईचागढ़, 06 नवंबर : सरकारी व्यवस्था की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार किए बिना ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने निजी खर्च से एक सरकारी विद्यालय में मध्याह्न भोजन की समस्या दूर करने की पहल की है। मध्य विद्यालय लेपाटांड़ में खाना बनाने के बर्तनों की चोरी हो जाने के कारण बच्चों का मध्याह्न भोजन तैयार करने में परेशानी हो रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर विधायक ने तत्काल नए बर्तनों की व्यवस्था कर विद्यालय को उपलब्ध करा दिया।

जानकारी के अनुसार, बीते दिनों अज्ञात चोरों ने विद्यालय से मध्याह्न भोजन बनाने वाले बर्तनों की चोरी कर ली थी। इसके बाद विद्यालय में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने की व्यवस्था प्रभावित होने लगी। विद्यालय प्रबंधन ने मामले की लिखित सूचना शिक्षा विभाग को दी थी। हालांकि, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) की ओर से बर्तन एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने में कुछ समय लगने की बात कही गई थी।

इधर, बच्चों के भोजन की समस्या को देखते हुए झामुमो के जिला मीडिया प्रभारी पशुपति बागची ने झामुमो केंद्रीय सदस्य सह विधायक की आप्त सचिव काबलू महतो को फोन पर इसकी जानकारी दी। काबलू महतो ने तत्काल विधायक सविता महतो को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही विधायक ने अपने निजी खर्च से मध्याह्न भोजन बनाने के लिए आवश्यक बर्तनों की खरीदारी कर विद्यालय को उपलब्ध करा दिया।

विधायक की इस पहल से विद्यालय में मध्याह्न भोजन व्यवस्था दोबारा सुचारु रूप से संचालित करने का रास्ता साफ हो गया है। बर्तन उपलब्ध होने पर विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं ने विधायक के प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर झामुमो प्रखंड सचिव अमित कुमार सिन्हा, जिला मीडिया प्रभारी पशुपति बागची, युवा अध्यक्ष स्वपन आदित्यदेव, शिक्षक हेमंत महतो, बुद्धेश्वर उरांव, शशधर उरांव, बनमाली उरांव, विद्यालय की संयोजिका, रसोइया सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Share This Article