सशक्त पंचायत नेत्री अभियान अंतर्गत महिला प्रतिनिधियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का उपायुक्त ने किया शुभारंभ

विशेष संवाददाता खूंटी, 19 जुलाई : डीपीआरसी भवन, खूंटी में शनिवार को “Revamped RGSA योजना” अंतर्गत सशक्त पंचायत-नेत्री अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला के माध्यम से जिले के सभी महिला मुखिया एवं महिला वार्ड सदस्यों का जिला एवं प्रखंड स्तर पर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। पंचायतीराज विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उपायुक्त आर. रॉनिटा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी डॉ शिशिर कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि मुखिया, वार्ड सदस्य एवं अन्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की नेतृत्व क्षमता को सशक्त करना, पंचायती राज व्यवस्था में उनकी भूमिका को और अधिक प्रभावशाली बनाना एवं ग्राम स्तर पर सुशासन को बढ़ावा देना है। कार्यशाला के दौरान महिला प्रतिनिधियों को शासन की विभिन्न योजनाओं, प्रबंधन कौशल, वित्तीय साक्षरता तथा निर्णय लेने की क्षमता को विकसित करने से संबंधित विषयों पर प्रशिक्षित किया जाएगा। इस अवसर पर उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि “महिला प्रतिनिधियों को सशक्त करना सामाजिक प्रगति का आधार है। इन प्रशिक्षणों के माध्यम से ग्राम पंचायतों में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व और अधिक प्रभावी एवं जागरूक बनेगा। अपनी शक्ति, अपने क्षेत्राधिकार को समझे, लोगों ने आपको यह अधिकार दिया है कि आप उनके क्षेत्र के विकास एवं उनकी समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। पंचायत स्तर की समस्याओं को पंचायत स्तर से हीं समाधान करने का प्रयास करें। महिला जन प्रतिनिधि अपना कार्य स्वयं करें, किसी और पर निर्भर ना रहे। स्वास्थ्य, शिक्षा जैसी समस्याओं को महिलाएं और अच्छे से समझ सकती है, इसलिए आप अपने क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा समेत अन्य समस्याओं को समझे एवं उनका निराकरण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाऐं, यदि आपके स्तर से समस्या का समाधान संभव नहीं है तो जिला स्तर पर उन समस्याओं को रखें। उपायुक्त ने कई उदाहरण देकर भी महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर कई प्रेरणादायक बातें कहीं। खूंटी जिला को आगे बढ़ाने में महिलाओं की भूमिका को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।

वहीं महिला सशक्तिकरण को लेकर उप विकास आयुक्त एवं जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने भी कई महत्वपूर्ण बातें कही। इस दौरान उपायुक्त ने मुखिया एवं वार्ड सदस्यों संग फलदार पौधा लगाकर पर्यवरण संरक्षण का संदेश भी दिया।



