पाटा टोल प्लाजा के सामने सड़क पर उड़ती धूल से राहगीर परेशान

डेस्क, 19 जुलाई : टाटा-रांची एनएच 33 फोरलेन टोल रोड़ पर चलने वाले राहगीर पहले सड़क पर बने गड्ढों से परेशान थे। अब बारिश थमने के बाद सड़क पर उड़ रही धूल ने राहगीरों की मुसीबत और बढ़ा दी है। सड़क पर बड़े वाहन के पीछे चलने वाले बाइक सवारों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. चांडिल गोलचक्कर से पाटा टोल प्लाजा तक यह समस्या गंभीर रूप धारण कर लिया है। मजेदार बात यह है कि टाटा-रांची फोरलेन टोल रोड़ पर जहां टोल टैक्स वसूला जाता है, उसी के आधे किलोमीटर की दूरी पर सड़क की समस्या विकराल रूप में है। चांडिल गोलचक्कर में रेलवे ओवरब्रीज का निर्माण कार्य जारी है। यह ना फोरलेन सड़क बनी है और ना पुरानी सड़क सही स्थिति में है।

बारिश में लग रहा था जाम
बारश के दौरान इस बदहाल सड़क पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती थी। सड़क पर बने छोटे-बड़क गड्ढों के कारण वाहन चालकों को आवागमन करने में परेशानी होती थी। बदहाल सड़क पर किसी वाहन के खराब होने पर सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती थी। अब बारिश थमी तो सड़क पर मिट्टी और स्लैग के कण धूल के साथ उड़ रहा है। सड़क पर उड़ती धूल राहगीरों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। धूल उड़ने से न केवल दृश्यता कम होती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। सड़क पर उड़ रही धूल स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है, खासकर सांस लेने में तकलीफ वाले लोगों के लिए तो अधिक मुसीबत है। इससे लोगों की सेहत पर असर पड़ने की संभावना है।



