चौका में बालू स्टॉक यार्डों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, एसडीओ ने किया औचक निरीक्षण – कागजातों की होगी गहन जांच

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

चौका में बालू स्टॉक यार्डों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, एसडीओ ने किया औचक निरीक्षण – कागजातों की होगी गहन जांच

चांडिल, 03 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले में बालू के अवैध भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर सोमवार को चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) नितिन कुमार ने चौका थाना क्षेत्र के चांदूडीह स्थित दो लाइसेंसी बालू स्टॉक यार्डों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने दोनों स्टॉक यार्डों में बालू भंडारण से संबंधित अनुमति पत्र, विभिन्न विभागों की अनापत्ति (एनओसी), वन भूमि से निर्धारित दूरी, भंडारण क्षमता तथा अन्य आवश्यक जांच की। इस दौरान चौका थाना पुलिस भी मौजूद रही।

एसडीओ ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित बालू स्टॉक यार्डों से जुड़े सभी अभिलेख तत्काल प्राप्त कर उनकी गहन जांच की जाए तथा अद्यतन प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अंचलाधिकारी को सभी दस्तावेजों का सत्यापन कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

एसडीओ नितिन कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई उपायुक्त के निर्देश पर की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों की ओर से बालू स्टॉक यार्डों में अनियमितताओं को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके बाद औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) की गाइडलाइन के अनुरूप अवैध खनन, अवैध भंडारण और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

सूत्रों के अनुसार एसडीओ ने गुप्ता एंड संस तथा महेश्वर हेम्ब्रम के लाइसेंसी बालू स्टॉक यार्डों का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि प्रशासन को इन स्टॉक यार्डों में संभावित अनियमितताओं की शिकायत मिली थी। फिलहाल प्रशासन दस्तावेजों की जांच में जुटा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article