होमगार्ड बहाली को लेकर अफवाहों पर जिला प्रशासन का स्पष्टीकरण – अभी केवल आवेदन की स्क्रूटनी, शारीरिक परीक्षा की तिथि तय नहीं

सरायकेला, 29 जनवरी : होमगार्ड बहाली को लेकर कुछ समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित एवं प्रसारित भ्रामक खबरों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में होमगार्ड बहाली की प्रक्रिया अभी प्रारंभिक एवं प्रक्रियाधीन अवस्था में है।
जिला प्रशासन के अनुसार वर्तमान में अभ्यर्थियों द्वारा समर्पित आवेदन-पत्रों की स्क्रूटनी (जांच) की जा रही है। स्क्रूटनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मास्टरशीट प्रकाशित की जाएगी। इसके पश्चात नियमानुसार दावा-आपत्ति आमंत्रित की जाएगी, ताकि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधार का अवसर मिल सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दावा-आपत्ति के समुचित निराकरण के बाद ही शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) से संबंधित तिथि एवं कार्यक्रम तय कर आधिकारिक रूप से जारी किया जाएगा। वर्तमान समय में न तो शारीरिक परीक्षा अथवा दौड़ की कोई तिथि निर्धारित की गई है और न ही इस संबंध में कोई अंतिम कार्यक्रम प्रकाशित किया गया है।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से फैल रही अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें। होमगार्ड बहाली से संबंधित किसी भी प्रकार की अद्यतन जानकारी के लिए केवल जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचना को ही प्रामाणिक मानें।
प्रशासन ने यह भी कहा कि पूरी बहाली प्रक्रिया पारदर्शी एवं नियमानुसार संपन्न कराई जाएगी, ताकि सभी पात्र अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।



