कुकडू हाट में दिनदहाड़े पांच पुलिस कर्मियों को मौत के घाट उतारने की घटना में शामिल था कुख्यात नक्सली सागर सिंह
सरायकेला/चांडिल, 06 अगस्त : कोल्हान में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान में झारखंड पुलिस, CRPF, JJA, SSB को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सुरक्षा बलों ने सरायकेला-खरसावां जिले में विशेष अभियान चलाकर कुल 22 लाख रुपये के इनामी तीन हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सलियों में 15 लाख रुपये का इनामी मदन महतो, 5 लाख रुपये का इनामी सागर सिंह उर्फ रवि सरदार तथा 2 लाख रुपये की इनामी मीणा पहाड़िया शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक AK-47 राइफल, एक पिस्टल तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।
एसपी ने प्रेस वार्ता में की पुष्टि
गुरुवार को सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने जिला पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे अभियान की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सबसे पहले कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर से सागर सिंह उर्फ रवि सरदार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा में छापेमारी की, जहां से मदन महतो और मीणा पहाड़िया को गिरफ्तार किया गया। इस अभियान में कांड्रा, चांडिल व नीमडीह थाना प्रभारी ने अहम भूमिका निभाई है।
कुकड़ू हाट बाजार हत्याकांड का भी आरोपी
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सागर सिंह उर्फ रवि सरदार वर्ष 2019 में कुकड़ू हाट बाजार में दिनदहाड़े पांच पुलिसकर्मियों की हत्या की घटना में भी शामिल था। वह लंबे समय से प्रतिबंधित नक्सली संगठन के लिए सक्रिय था और सुरक्षा एजेंसियों की सूची में मोस्ट वांटेड अपराधियों में शामिल था।
दलमा का कुख्यात चेहरा था सागर सिंह
गिरफ्तार सागर सिंह उर्फ रवि सरदार सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के टेंगाडीह गांव के बेनाडीह टोला का रहने वाला है। वह किशोरावस्था में ही नक्सली संगठन से जुड़ गया था और वर्षों तक कोल्हान क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों का अहम हिस्सा बना रहा। उसके सिर पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
वहीं, मीणा पहाड़िया पश्चिम बंगाल के बलरामपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। पुलिस के अनुसार वह सागर सिंह की पत्नी है और लंबे समय से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय रही। बताया जाता है कि संगठन में साथ रहने के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बना और बाद में उन्होंने शादी कर ली।
सारंडा से दलमा पहुंचे थे नक्सली
पुलिस के अनुसार हाल के महीनों में पश्चिम सिंहभूम के सारंडा जंगल में लगातार चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों के बाद सागर सिंह और असीम मंडल का दस्ता दलमा क्षेत्र में आकर छिप गया था। सुरक्षा एजेंसियां उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थीं। सटीक सूचना मिलने के बाद संयुक्त अभियान चलाकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूरे कोल्हान नेटवर्क को बड़ा झटका
प्राथमिक पूछताछ में पुलिस को संगठन के नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति, वित्तीय स्रोत और अन्य सहयोगियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। एसपी ने कहा कि यह पुलिस और सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता है तथा इससे सरायकेला-खरसावां, पश्चिम सिंहभूम और पूरे कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में झारखंड पुलिस, CRPF की कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर तथा एसएसबी के जवानों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। सुरक्षा बलों का नक्सल विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।