चौका : नरसिंह इस्पात कंपनी से जुड़े लोगों पर बुजुर्ग से मारपीट का आरोप, कथित जमीन विवाद का मामला

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

चौका : नरसिंह इस्पात कंपनी से जुड़े लोगों पर बुजुर्ग से मारपीट का आरोप, कथित जमीन विवाद का मामला

चांडिल, 15 जुलाई : सरायकेला खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटी पहाड़धार स्थित नरसिंह इस्पात कंपनी पर गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि कंपनी से जुड़े लोगों ने एक बुजुर्ग के साथ मारपीट की है, जिसमें वे घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि चावलीबासा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में घायल बुजुर्ग का इलाज चल रहा है।

घटना मंगलवार की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खूंटी निवासी बुजुर्ग अतुल महतो कंपनी से सटे अपनी रैयती जमीन पर पहुंचे थे, जहां पर कंपनी के कुछ लोगों से कहासुनी हुई और कथित हिंसक झड़प हो गई। इसके बाद अतुल महतो के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अतुल महतो ने आरोप लगाया है कि नरसिंह इस्पात कंपनी उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर रही है और जब इसका विरोध किया तो कंपनी के प्रतिनिधियों ने दुर्व्यवहार और मारपीट की।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, भारी बारिश से नरसिंह इस्पात कंपनी की चारदीवारी के किनारे मिट्टी धंस रहा है। इसके लिए कंपनी प्रबंधन की ओर मिट्टी का कटाव रोकने के लिए गार्डवाल निर्माण कराया जा रहा है। जिस जगह पर गार्डवाल निर्माण कराया जा रहा है वहां से सटा हुआ जमीन अतुल महतो की है। गार्डवाल निर्माण पर अतुल महतो ने आपत्ति जताई है। अतुल महतो के अनुसार, गार्डवाल निर्माण की आड़ में उनकी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। जब विरोध किया गया तो उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और मारपीट की गई।

हालांकि, इस कथित घटना को लेकर नरसिंह इस्पात कंपनी की ओर से अबतक किसी तरह का बयान सामने नहीं आया है। यदि कंपनी की ओर से बयान आती हैं तो उसे भी पाठकों के बीच प्रस्तुत किया जाएगा।

वहीं, इस मामले में चौका पुलिस ने बताया कि किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं आया है। यदि लिखित शिकायत मिलेगी तो मामले की जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

जेएलकेएम ने की बैठक की घोषणा

बुजुर्ग के साथ कथित मारपीट की घटना की जानकारी प्राप्त होने के बाद इस मामले में JLKM नेता तरुण महतो कूद पड़े हैं। बताया जा रहा है कि
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा JLKM के नेता तरुण महतो ने बुधवार दोपहर 1 बजे कंपनी के पास ग्रामीणों की बैठक बुलाई है।

बैठक में इस मामले पर चर्चा कर आगे की कानूनी और लोकतांत्रिक कार्रवाई पर सामूहिक निर्णय लिया जाएगा। जेएलकेएम नेताओं का कहना है कि कंपनी क्षेत्र में आए दिन ग्रामीणों की जमीन और रोजगार को लेकर विवाद होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं करता।

Share This Article