कोल्हान विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बोले राज्यपाल प्रोफेसरों की कमी जल्द होगी दूर

चाईबासा, 26 नवंबर : कोल्हान विश्वविद्यालय चाईबासा में आयोजित छठे दीक्षांत समारोह में शामिल होते हुए झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि राज्य के विश्वविद्यालयों में प्रोफेसरों की कमी को जल्द दूर किया जाएगा। इसके लिए प्राथमिकता के आधार पर नियुक्ति प्रक्रिया तेजी से चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कोल्हान विश्वविद्यालय सहित सभी विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र को नियमित करने का प्रयास जारी है और जल्द ही शिक्षकों की कमी पूरी की जाएगी।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि कोल्हान विश्वविद्यालय सामाजिक परंपरा, जनजातीय संस्कृति और सामुदायिक जीवन का अनूठा संगम है, जो पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि उच्च शिक्षा के साथ विद्यार्थी समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने नई शिक्षा नीति 2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से भारतीय कौशल और शिक्षा को बढ़ावा मिल रहा है और विश्वविद्यालयों को नई दिशा प्रदान हो रही है।
राज्यपाल गंगवार ने विद्यार्थियों से कहा कि वे केवल उपाधि ही नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियां भी ग्रहण कर रहे हैं। सफलता के लिए मेहनत और ईमानदारी आवश्यक है। उन्होंने छात्रों से झारखंड का नाम देश–विदेश में रोशन करने और वंचित वर्गों के प्रति संवेदनशील बने रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और समाज-राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करना है।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय कौशल, तकनीक और नवाचार का है। युवाओं को नौकरी की प्रतीक्षा करने के बजाय अवसर सृजन की क्षमता विकसित करनी चाहिए। राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों को स्थानीय उद्योगों और उद्यमियों के साथ साझेदारी करने की सलाह दी, ताकि छात्रों को कैंपस चयन और रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें।
समारोह में 2021 से 2024 सत्र के गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों को उपाधि, प्रमाण पत्र और गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।



