गड्ढों में समाई व्यवस्था! चांडिल-पुरुलिया सड़क पर फिर टूटा ट्रक का गुल्ला, जाम से हाहाकार – जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की उदासीनता पर फूटा लोगों का गुस्सा, एम्बुलेंस भी फंसी

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

गड्ढों में समाई व्यवस्था! चांडिल-पुरुलिया सड़क पर फिर टूटा ट्रक का गुल्ला, जाम से हाहाकार –
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की उदासीनता पर फूटा लोगों का गुस्सा, एम्बुलेंस भी फंसी

चांडिल, 16 जुलाई : चांडिल-पुरुलिया मुख्य सड़क एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही की भेंट चढ़ गई। चांडिल बस स्टैंड के समीप सड़क पर बने तालाबनुमा गड्ढे में ट्रक का गुल्ला टूट गया, जिससे पूरे मार्ग पर भीषण जाम की स्थिति बन गई। जाम इतना लंबा है कि चांडिल गोलचक्कर से लेकर पितकी तक लगभग 5 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई है। इस जाम में एम्बुलेंस भी फंस गई है।

इस जाम ने आमजनों की दिनचर्या पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दी है। स्कूली बच्चों को जान हथेली पर रखकर सड़क पार करनी पड़ रही है, जबकि अभिभावक लगातार चिंता में हैं कि उनके बच्चे सुरक्षित घर लौट पाएंगे या नहीं।


स्थानीय लोग प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की घोर उदासीनता को इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद न तो सड़क की मरम्मत हुई और न ही गड्ढे को भरा गया। एक सप्ताह में यह दूसरी बार है जब गड्ढे के कारण ट्रक का गुल्ला टूटा है, जिससे पूरे इलाके की रफ्तार थम गई।

व्यवस्था पर उठते सवाल

स्थानीय व्यवसायियों के अनुसार बार-बार लगने वाले जाम से बाजार पर बुरा असर पड़ रहा है। खरीदारी करने आने वाले लोग जाम से बचने के लिए रास्ता बदल रहे हैं, जिससे छोटे दुकानदारों की बिक्री पर सीधा असर पड़ रहा है।

सड़क पर उतरने की तैयारी में लोग

थक-हार कर अब लोग स्वंय सड़क पर उतरने की तैयारी में हैं। उनका कहना है कि जब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं होता, तब तक आंदोलन की राह ही एकमात्र विकल्प है।

जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर सवाल

लोगों का कहना है कि चुनाव के समय वादों की झड़ी लगाने वाले जनप्रतिनिधि अब गड्ढे की गहराई और जनता की तकलीफ दोनों से अनजान बने हुए हैं। प्रशासन भी मूकदर्शक बना है, जबकि सड़क की दुर्दशा से जनता त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रही है।

Share This Article